रांची। जेपीएससी और जेएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में अनशन पर बैठे छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की अपील पर पानी पीकर अपना निर्जला अनशन समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका अनिश्चितकालीन अनशन और आंदोलन पहले की तरह जारी रहेगा।
बुधवार को सोनम वांगचुक ने वीडियो कॉल के माध्यम से देवेंद्र नाथ महतो से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और आंदोलन को जारी रखने के लिए पानी पीने की सलाह दी। इसके बाद महतो ने जल ग्रहण करते हुए निर्जला अनशन समाप्त किया। उन्होंने कहा कि अब वे पानी का सेवन करेंगे, लेकिन मांगें पूरी होने तक अनशन जारी रहेगा।
धरना स्थल पर चिकित्सकों की टीम लगातार देवेंद्र नाथ महतो के स्वास्थ्य की निगरानी कर रही है। उनके साथ महेंद्र मंडल भी अनशन पर बैठे हुए हैं।
वहीं आंदोलन में शामिल ब्रह्मानंद कुमार अब भी खुले में निर्जला अनशन पर डटे हुए हैं। उन्होंने अब तक पानी का सेवन नहीं किया है। बुधवार को उनके निर्जला अनशन का चौथा दिन रहा।
