26.2 C
Kolkata
Tuesday, October 13, 2026

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जल्द आएंगे कानपुर, सांसद रमेश अवस्थी ने दी जानकारी

कानपुर: कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने जल्द ही कानपुर आने का आश्वासन दिया है। दिल्ली में हुई शिष्टाचार भेंट के दौरान सांसद ने उन्हें शहर में चल रहे विकास कार्यों और जनहित की विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी दी तथा कानपुर आने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।

सांसद रमेश अवस्थी ने परिवार सहित दिल्ली में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान गृहमंत्री ने उनके परिवार को शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया। सांसद ने इसे अपने परिवार के लिए सम्मान और प्रेरणा का विषय बताया।

मुलाकात के दौरान कानपुर में चल रही विकास परियोजनाओं, आधारभूत सुविधाओं और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। सांसद ने शहर के विकास को गति देने के लिए केंद्र सरकार के सहयोग पर भी चर्चा की।

रमेश अवस्थी ने बताया कि अमित शाह ने उनका निमंत्रण स्वीकार करते हुए जल्द कानपुर आने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री का प्रस्तावित दौरा शहर की विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित होगा।

सांसद ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री का मार्गदर्शन और सहयोग उन्हें जनसेवा तथा राष्ट्रसेवा के कार्यों को और अधिक समर्पण के साथ आगे बढ़ाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग से कानपुर के विकास की रफ्तार आगे भी तेज बनी रहेगी।

Related Articles

नवीनतम लेख