30 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

भर्ती परीक्षाओं में अनियमितता के विरोध में भाजपा सांसदों का संसद में मौन उपवास

रांची। झारखंड की विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के विरोध में भाजपा के झारखंड से जुड़े सांसदों ने शुक्रवार को संसद परिसर में गांधी प्रतिमा के समक्ष धरना दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य साहू के नेतृत्व में सांसदों ने मौन उपवास रखकर भर्ती परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के बाद पत्रकारों से बातचीत में आदित्य साहू ने कहा कि भाजपा झारखंड के छात्रों और युवाओं के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और उत्पाद सिपाही समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं से बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी युवाओं की न्याय की लड़ाई को हर स्तर पर समर्थन देगी।

साहू ने बताया कि छात्र आंदोलन के समर्थन में एक अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, 31 जुलाई की शाम सभी जिलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा यह संदेश देना चाहती है कि आंदोलनरत छात्र अपनी लड़ाई में अकेले नहीं हैं और उन्हें राजनीतिक एवं सामाजिक समर्थन प्राप्त है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि पिछले छह वर्षों में राज्य में कांग्रेस समर्थित सरकार के कार्यकाल के दौरान जेपीएससी, जेएसएससी-सीजीएल और उत्पाद सिपाही समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं और प्रश्नपत्र लीक के मामले सामने आए। उन्होंने 14वीं जेपीएससी परीक्षा में भी गंभीर गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार ने अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की है।

उन्होंने कांग्रेस पर दोहरा रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी युवाओं के अधिकारों की बात करती है, लेकिन झारखंड में भर्ती परीक्षाओं से जुड़े कथित मामलों पर मौन है।

साहू ने कहा कि पिछले कई दिनों से छात्र अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। भारी बारिश और सीमित संसाधनों के बावजूद वे धरना-प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं, लेकिन सरकार और प्रशासन ने उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में गंभीर पहल नहीं की है। उन्होंने सरकार से लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों पर संवेदनशीलता से विचार करने की अपील की।

कार्यक्रम में आदित्य साहू के अलावा सांसद बीडी राम, विद्युत वरण महतो, डॉ. प्रदीप वर्मा, ढुल्लू महतो, मनीष जायसवाल और कालीचरण सिंह शामिल हुए।

Related Articles

नवीनतम लेख