32.1 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

रामगढ़ का जिमखाना क्लब बनेगा अंतरराष्ट्रीय स्तर का रिजॉर्ट, मार्च 2027 तक पूरा होगा विस्तार

रामगढ़। रामगढ़ स्थित जिमखाना क्लब को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित किया जा रहा है। क्लब को फाइव स्टार होटल जैसी सुविधाओं से युक्त रिजॉर्ट के रूप में तैयार करने की योजना है। शनिवार को रामचंद्र रुंगटा समूह ने प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी।

45 नए कमरे और आधुनिक खेल सुविधाएं होंगी विकसित

आरसी रुंगटा समूह के पदाधिकारियों ने बताया कि क्लब के विस्तार और आधुनिकीकरण का काम तेजी से चल रहा है। परियोजना को मार्च 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

क्लब में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बार और दो लग्जरी कमरे शुरू किए जा चुके हैं। आने वाले चरण में यहां 45 नए कमरे तैयार किए जाएंगे। इसके अलावा अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट, पिकलबॉल एवं पैडल कोर्ट, बॉक्स क्रिकेट एरिना और वॉकिंग ट्रैक का निर्माण किया जा रहा है।

प्रेसवार्ता में आरसी रुंगटा समूह के मुख्य महाप्रबंधक (व्यवसाय विकास एवं कॉरपोरेट अफेयर्स) सुभरेंदु चटर्जी, कॉरपोरेट अफेयर्स के मुख्य महाप्रबंधक प्रकाश झा, क्लब की एसोसिएट निदेशक पल्लवी आनंद और प्रशासक अरविंद सिंह मौजूद रहे।

1999 में हुई थी क्लब की स्थापना

अधिकारियों ने बताया कि जिमखाना क्लब की स्थापना वर्ष 1999 में रामचंद्र रुंगटा ने परिवारों को एक ही परिसर में मनोरंजन, खेल और सामाजिक गतिविधियों के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की थी।

अब इसी सोच को आगे बढ़ाते हुए क्लब को आधुनिक सुविधाओं और बेहतर आतिथ्य सेवाओं से सुसज्जित किया जा रहा है। विस्तार कार्य पूरा होने के बाद यहां खेल, आवास, मनोरंजन और आतिथ्य से जुड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अक्टूबर में होगी भजन संध्या

क्लब प्रबंधन ने बताया कि अक्टूबर में नौ दिवसीय भजन संध्या का आयोजन प्रस्तावित है। इसके लिए वृंदावन के संतों को आमंत्रित किया गया है। कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि क्लब की सदस्यता अब आम लोगों के लिए भी खोली गई है, जिससे अधिक लोग यहां उपलब्ध सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख