29.4 C
Kolkata
Thursday, August 13, 2026

प्रधानमंत्री मोदी रविवार को शुरू करेंगे ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान’

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें समाज में सकारात्मक बदलाव का वाहक बनाना है।

100 सप्ताह तक चलेगा जनभागीदारी अभियान

प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इस अभियान के साथ नशे के खिलाफ 100 सप्ताह तक चलने वाले देशव्यापी ‘जन भागीदारी अभियान’ की शुरुआत होगी। इसके तहत हर रविवार को देशभर में जागरूकता और जनसहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

अभियान के दौरान खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, विचार-विमर्श, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े कार्यक्रम होंगे। इनका उद्देश्य नशे के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में भागीदारी बढ़ाना है।

10 हजार से अधिक स्थानों से जुड़ेंगे युवा

इस पहल के तहत शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, नागरिक समाज समूहों, उद्योग संगठनों और आध्यात्मिक संस्थाओं को एक मंच पर लाकर नशे के खिलाफ जनआंदोलन खड़ा करने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में देशभर के 10 हजार से अधिक स्थानों से युवाओं की भागीदारी होगी। इसमें माई भारत के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर सरकारी संगठन (एनजीओ), उद्योग संगठनों के युवा प्रकोष्ठ और 125 से अधिक सहयोगी आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख