28.9 C
Kolkata
Sunday, October 11, 2026

शर्तों के साथ केपी ग्राउंड में राहुल गांधी के कार्यक्रम को मिली अनुमति

प्रयागराज। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 8 अगस्त को प्रस्तावित “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के लिए केपी ग्राउंड में शर्तों के साथ अनुमति मिल गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के लिखित आश्वासन के बाद कायस्थ पाठशाला (केपी) ट्रस्ट ने पूर्व में जारी निरस्तीकरण पत्र वापस लेते हुए कार्यक्रम की अनुमति दे दी है।

कांग्रेस नेताओं अजय राय और हसीब अहमद ने वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी। अजय राय ने लिखित रूप से आश्वासन दिया है कि कार्यक्रम पूरी तरह तय शर्तों के अनुरूप आयोजित किया जाएगा और इलाहाबाद उच्च न्यायालय के आदेशों का पूर्ण पालन किया जाएगा।

आश्वासन पत्र में कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर का किसी भी रूप में उपयोग नहीं किया जाएगा। यदि तैयारियों के दौरान खेल मैदान को कोई नुकसान पहुंचता है तो उसकी मरम्मत कांग्रेस कराएगी।

पत्र में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यह कार्यक्रम व्यावसायिक नहीं है और इससे न्यायालय के आदेशों का किसी प्रकार का उल्लंघन नहीं होगा। अजय राय ने संस्था से मैदान उपलब्ध कराने का अनुरोध करते हुए पूर्व में भेजा गया निरस्तीकरण संबंधी पत्र और संस्था के विरुद्ध दर्ज आपत्तियां भी वापस लेने की जानकारी दी।

कायस्थ पाठशाला के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्र नाथ सिंह ने कांग्रेस के लिखित आश्वासन को स्वीकार करते हुए निरस्तीकरण पत्र वापस ले लिया और कहा कि संस्था द्वारा निर्धारित शर्तों के अनुरूप कार्यक्रम आयोजित किया जा सकता है। इसके साथ ही 8 अगस्त को प्रस्तावित कार्यक्रम के आयोजन का रास्ता साफ हो गया है।

Related Articles

नवीनतम लेख