30.3 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

बंगाल की खाड़ी के डिप्रेशन से राजस्थान में फिर सक्रिय होगा मानसून, 10 जिलों में येलो अलर्ट

जयपुर। बंगाल की खाड़ी में बने डिप्रेशन के प्रभाव से राजस्थान में एक बार फिर मानसून सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार से प्रदेश के पूर्वी हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। इसे देखते हुए 10 जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग के मुताबिक भरतपुर, जयपुर, कोटा, अजमेर और उदयपुर संभाग के कई जिलों में सोमवार को बारिश होने की संभावना है। वहीं 29 और 30 जुलाई को कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। डिप्रेशन का असर एक से दो अगस्त तक बने रहने की संभावना है, जिससे कई क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने के आसार हैं।

रविवार को इन जिलों में हुई बारिश

रविवार को बाड़मेर, जैसलमेर और पाली समेत कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटों में पश्चिमी जिलों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहा, जबकि जालोर, बाड़मेर, सिरोही, अजमेर और भरतपुर के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हुई।

अजमेर जिले के जवाजा में सबसे अधिक 43 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा माउंट आबू में 37.2 मिलीमीटर, चौहटन में 28.5 मिलीमीटर, कुंवारिया में 28 मिलीमीटर, सीकरी में 25 मिलीमीटर, धनाऊ में 23 मिलीमीटर तथा रानीवाड़ा और सांचौर में 12-12 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई।

बारिश थमने से बढ़ी गर्मी और उमस

बारिश का दौर कमजोर पड़ने और धूप निकलने से प्रदेश के अधिकतम तापमान में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हुई, जिससे गर्मी और उमस बढ़ गई है।

रविवार को श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा बीकानेर में 38, फलोदी में 37.4, जैसलमेर में 36.7, दौसा में 36.6, चूरू में 36.4 और पिलानी में 36.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

मौसम विभाग का कहना है कि डिप्रेशन सक्रिय रहने तक प्रदेश के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में बारिश की गतिविधियां तेज बनी रहेंगी।

Related Articles

नवीनतम लेख