30.3 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

झारखंड के नर्सिंग-मेडिकल छात्रों को अमेरिका में मिलेगा प्रशिक्षण, जॉर्जिया विश्वविद्यालय से होगा समझौता

रांची। झारखंड के नर्सिंग और मेडिकल छात्रों को अमेरिका में विश्वस्तरीय प्रशिक्षण, शोध और कौशल विकास का अवसर मिलने की दिशा में राज्य सरकार ने बड़ी पहल की है। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने बताया कि अमेरिका के जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी के साथ राज्य के नर्सिंग कॉलेजों और मेडिकल संस्थानों के शैक्षणिक सहयोग के लिए समझौता अंतिम चरण में है।

रांची में जॉर्जिया स्टेट यूनिवर्सिटी के इंटरनेशनल सेंटर फॉर पब्लिक पॉलिसी के निदेशक चार्ल्स आर. हैंकला और उनके प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के बाद स्वास्थ्य मंत्री ने यह जानकारी दी।

छात्रवृत्ति के तहत अमेरिका भेजे जाएंगे छात्र

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य सरकार की छात्रवृत्ति योजना के माध्यम से मेधावी नर्सिंग और मेडिकल छात्रों को एक वर्ष के प्रशिक्षण के लिए अमेरिका भेजने का प्रयास किया जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद छात्र झारखंड लौटकर राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत करेंगे।

उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं के बेहतर भविष्य, रोजगार के अवसर और आधुनिक चिकित्सा शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।

स्वास्थ्य शिक्षा और शोध पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल और स्वास्थ्य मंत्री के बीच मेडिकल शिक्षा, नर्सिंग, पैरामेडिकल शिक्षा, शोध, आधुनिक स्वास्थ्य तकनीक और शैक्षणिक सहयोग के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

चार्ल्स आर. हैंकला ने बताया कि उनकी टीम पिछले एक वर्ष से झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था का अध्ययन कर रही है।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार झारखंड को स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए लगातार काम कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख