28.2 C
Kolkata
Wednesday, August 12, 2026

स्वास्थ्य मंत्री ने अस्पताल में भर्ती छात्र से की मुलाकात

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को रांची सदर अस्पताल पहुंचकर जेपीएससी अभ्यर्थियों के आंदोलन के दौरान तबीयत बिगड़ने पर भर्ती कराए गए छात्र राहुल क्रांतिकारी से मुलाकात की। उन्होंने छात्र का हालचाल लिया और इलाज कर रहे चिकित्सकों से उसकी स्वास्थ्य स्थिति की जानकारी ली।

आमरण अनशन के दौरान तबीयत बिगड़ने के बाद राहुल क्रांतिकारी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। स्वास्थ्य मंत्री ने विशेषज्ञ चिकित्सकों और मेडिकल टीम को इलाज में किसी तरह की कमी नहीं होने देने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि छात्र की स्वास्थ्य स्थिति पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की लगातार निगरानी है और उसे सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। वर्तमान में उसकी स्थिति स्थिर बताई गई है।

डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि आंदोलनकारी छात्र सरकार के अपने बच्चे हैं और उनका जीवन, स्वास्थ्य एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी छात्र के जीवन को खतरा नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आंदोलनरत छात्रों से अपील की कि लोकतंत्र में संवाद और सकारात्मक बातचीत के जरिए ही समस्याओं का प्रभावी समाधान निकाला जा सकता है।

स्वास्थ्य मंत्री ने छात्रों से अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने का आग्रह करते हुए कहा कि उनका जीवन अनमोल है। उन्होंने कहा कि छात्रों की हर जायज चिंता और मांग को सरकार गंभीरता से सुनने और संवेदनशीलता के साथ उस पर विचार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार और छात्रों के बीच सार्थक संवाद के जरिए सकारात्मक एवं सम्मानजनक समाधान निकलेगा। इससे छात्रों के हितों की रक्षा के साथ झारखंड के युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को भी नई दिशा मिलेगी।

डॉ. अंसारी ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार युवाओं के भविष्य, शिक्षा, रोजगार और अधिकारों के प्रति संवेदनशील है। सरकार चाहती है कि छात्रों की ऊर्जा आंदोलन के बजाय अपने सपनों को साकार करने और झारखंड के विकास में योगदान देने में लगे।

Related Articles

नवीनतम लेख