28.5 C
Kolkata
Thursday, August 13, 2026

असम में बाढ़ का तांडव: 57 हजार से अधिक प्रभावित, सेना और वायुसेना अलर्ट पर

गुवाहाटी। असम में बाढ़ की स्थिति लगातार भयावह होती जा रही है। राज्य के सात जिलों में 57 हजार से अधिक लोग बाढ़ की चपेट में आ गए हैं, जबकि शिवसागर में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। इसके साथ ही इस साल बाढ़ से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है। हालात बिगड़ते देख राज्य सरकार ने राहत और बचाव कार्यों के लिए भारतीय सेना और वायुसेना को तैयार रहने का आह्वान किया है।

चराईदेव और धेमाजी में सबसे बुरा हाल, 298 गांव डूबे

असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (एएसडीएमए) के अनुसार, महज 24 घंटों के भीतर प्रभावितों की संख्या 24 हजार से बढ़कर दोगुनी यानी 57,100 के पार पहुंच गई है। चराईदेव सबसे बुरी तरह प्रभावित जिला है, जहां 24 हजार लोग संकट में हैं। इसके बाद धेमाजी में 22 हजार और डिब्रूगढ़ में 4 हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ का पानी 298 गांवों में घुस चुका है, जिससे करीब 3,874 हेक्टेयर कृषि भूमि जलमग्न हो गई है। इसके अलावा डिब्रूगढ़ के खोवांग में बुर्हिदिहिंग नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।

मुख्यमंत्री की हाई-लेवल बैठक, चार मंत्रियों को ग्राउंड पर उतरने के निर्देश

मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी दी कि शिवसागर, चराईदेव और जोरहाट में बिगड़ते हालात को देखते हुए सेना और वायुसेना से आपात स्थिति के लिए मुस्तैद रहने का अनुरोध किया गया है। मुख्यमंत्री ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कैबिनेट मंत्री अजंता नेओग, बिमल बोरा, केशव महंत और सुशांत बूढ़ागोहाईं को तुरंत प्रभावित इलाकों का दौरा करने और राहत सामग्री के वितरण की सीधी निगरानी करने के निर्देश दिए हैं। वर्तमान में प्रशासन 14 राहत शिविर चला रहा है और विस्थापितों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख