28.5 C
Kolkata
Thursday, August 13, 2026

जेपीएससी मुद्दे पर विधानसभा परिसर में एनडीए का प्रदर्शन

रांची। झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन सदन की कार्यवाही शुरू होने से पहले एनडीए के विधायकों ने विधानसभा परिसर में प्रदर्शन किया। विपक्षी विधायकों ने नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इस्तीफे की मांग की और जेपीएससी मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग उठाई।

भारतीय जनता पार्टी के विधायकों ने हाथों में तख्तियां लेकर जेपीएससी मुद्दे पर आंदोलनरत छात्रों का समर्थन किया। प्रदर्शन में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, नीरा यादव, उज्ज्वल दास समेत कई विधायक शामिल रहे।

नीरा यादव ने आरोप लगाया कि जेपीएससी और जेएसएससी में सामने आई कथित गड़बड़ियों की सरकार सीआईडी जांच के जरिए लीपापोती कर रही है। उन्होंने 14वीं जेपीएससी सिविल सेवा प्रारंभिक परीक्षा रद्द करने, मामले की सीबीआई जांच कराने और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की मांग की।

विपक्ष के आरोपों पर मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने पलटवार करते हुए कहा कि भाजपा को पहले अपने शासनकाल में हुई गड़बड़ियों पर जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर रही है और इस मुद्दे पर मंत्रियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। आंदोलनरत छात्रों से वार्ता की संभावना भी है और जल्द ही ठोस निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों के साथ है और उनके साथ किसी प्रकार का अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख