27.9 C
Kolkata
Thursday, August 13, 2026

ट्रंप के गोल्फ क्लब के बाहर हथियारों के साथ संदिग्ध गिरफ्तार

वाशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के कैलिफोर्निया स्थित ट्रंप नेशनल गोल्फ क्लब के बाहर एक संदिग्ध व्यक्ति को हथियार और प्रतिबंधित गोला-बारूद के साथ गिरफ्तार किया गया है। घटना के बाद अमेरिकी सुरक्षा एजेंसियों ने जांच तेज कर दी है कि क्या वह राष्ट्रपति की सुरक्षा के लिए कोई संभावित खतरा था।

लॉस एंजिल्स काउंटी शेरिफ विभाग के अनुसार, संदिग्ध को दो अगस्त को दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित गोल्फ क्लब के बाहर हिरासत में लिया गया। अधिकारियों का कहना है कि वह परिसर के आसपास घूमते हुए तस्वीरें और वीडियो बना रहा था तथा उसकी गतिविधियां संदिग्ध प्रतीत हो रही थीं।

अधिकारियों ने उसकी पहचान 38 वर्षीय जीनिन जॉन टैले के रूप में की है। उसके खिलाफ पहले से डकैती का एक मामला भी दर्ज है। उसे छिपाकर हथियार रखने और प्रतिबंधित गोला-बारूद रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

जांच एजेंसियों के अनुसार, एफबीआई की संयुक्त आतंकवाद निरोधी टास्क फोर्स ने संदिग्ध के घर की तलाशी में एक नोटबुक बरामद की है, जिसमें एआर शैली की राइफल, .45 कैलिबर पिस्तौल, बॉडी आर्मर, अधिक क्षमता वाली मैगजीन, गोला-बारूद और रेडियो सिग्नल उपकरणों का उल्लेख मिला है।

उधर, लॉस एंजिल्स काउंटी डिस्ट्रिक्ट अटॉर्नी कार्यालय के मुताबिक, आरोपी ने अदालत में अपने खिलाफ लगाए गए चारों आरोपों से इनकार किया है। इनमें पहले से दर्ज डकैती का मामला और हालिया गिरफ्तारी के बाद दर्ज हथियार संबंधी तीन आरोप शामिल हैं।

फिलहाल अमेरिकी सीक्रेट सर्विस और अन्य संघीय एजेंसियां इस बात की जांच कर रही हैं कि संदिग्ध की गतिविधियों का राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा से कोई संबंध था या नहीं।

Related Articles

नवीनतम लेख