28.9 C
Kolkata
Sunday, October 11, 2026

डोसे में कथित कॉकरोच मिलने पर अन्ना किचन में हंगामा, ग्राहकों ने उठाए स्वच्छता पर सवाल

जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिले के बिष्टुपुर स्थित राम मंदिर परिसर में संचालित अन्ना किचन में रविवार को उस समय हंगामा हो गया, जब एक ग्राहक ने डोसे में कथित तौर पर कॉकरोच मिलने का आरोप लगाया। भोजन के दौरान डोसे में संदिग्ध कीट दिखाई देने पर ग्राहक ने खाना छोड़ दिया और इसकी शिकायत रेस्टोरेंट प्रबंधन से की।

घटना की जानकारी मिलते ही रेस्टोरेंट में मौजूद अन्य ग्राहकों ने भी नाराजगी जताई। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और रसोई की साफ-सफाई पर सवाल उठाते हुए खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की। ग्राहकों का कहना था कि इस तरह की लापरवाही लोगों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है और ऐसे प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण होना चाहिए।

मामले पर अन्ना किचन के संचालक राजू भाई ने खेद जताते हुए स्वीकार किया कि रेस्टोरेंट की ओर से चूक हुई है। उन्होंने कहा कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए रसोई की स्वच्छता, खाद्य सामग्री की गुणवत्ता जांच और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था को और अधिक सख्त किया जाएगा।

घटना के बाद कुछ समय तक रेस्टोरेंट में अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि प्रबंधन ने ग्राहकों को भरोसा दिलाया कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों को बेहतर बनाने के लिए तत्काल आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख