27 C
Kolkata
Friday, August 14, 2026

सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’ को सेंसर बोर्ड की मंजूरी, 14 अगस्त को होगी रिलीज

मुंबई । अभिनेता सनी देओल की बहुप्रतीक्षित ऐतिहासिक ड्रामा फिल्म ‘बंटवारा 1947’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड से बिना किसी कट के मंजूरी मिल गई है। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी इस फिल्म को बोर्ड ने बिना किसी बदलाव के प्रमाणपत्र दिया है। अब फिल्म 14 अगस्त को तय तारीख पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है कहानी

आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी इस फिल्म की कहानी भारत-पाकिस्तान विभाजन के दौर पर आधारित है। फिल्म में लाहौर के एक मुस्लिम परिवार की कहानी दिखाई गई है, जिसका सामना एक ऐसी हिंदू महिला से होता है, जो अपना पैतृक घर छोड़ने से इनकार कर देती है।

फिल्म में विभाजन के समय की भावनाओं, संघर्ष और मानवीय रिश्तों को प्रमुखता से दिखाया गया है। निर्माताओं का मानना है कि यह फिल्म इतिहास के एक संवेदनशील दौर को मानवीय नजरिए से पेश करेगी।

सनी देओल के साथ नजर आएंगी प्रीति जिंटा

फिल्म में सनी देओल और प्रीति जिंटा मुख्य भूमिका में हैं। प्रीति जिंटा पांच साल से अधिक समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रही हैं। इसके अलावा शबाना आजमी, अली फजल, करण देओल, अभिमन्यु सिंह, खुशी हजारे और कनिका कपूर भी अहम किरदारों में नजर आएंगे।

फिल्म का संगीत ए.आर. रहमान ने तैयार किया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं। रिलीज के बाद ‘बंटवारा 1947’ का मुकाबला इमरान हाशमी की फिल्म ‘आवारापन 2’ से होगा।

Related Articles

नवीनतम लेख