28.5 C
Kolkata
Thursday, August 13, 2026

‘तुम्बाड 2’ में आलिया भट्ट की एंट्री, 3 दिसंबर 2027 को होगी रिलीज

मुंबई। अभिनेता और निर्माता सोहम शाह की बहुप्रतीक्षित हॉरर फिल्म ‘तुम्बाड 2’ में अभिनेत्री आलिया भट्ट की आधिकारिक एंट्री हो गई है। निर्माताओं ने इसकी घोषणा करते हुए फिल्म की रिलीज की तारीख भी जारी कर दी है। यह फिल्म 3 दिसंबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

सोहम शाह ने अपने सामाजिक माध्यम पर आलिया भट्ट के साथ कई तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में ‘तुम्बाड’ की पहचान बन चुके लाल रंग की पृष्ठभूमि, शैतानी गुड़िया, लालटेन और रहस्यमयी माहौल की झलक दिखाई गई। पोस्ट के साथ उन्होंने लिखा, “एक नया अध्याय शुरू हो रहा है। ‘तुम्बाड 2’ में आपका स्वागत है, आलिया भट्ट। प्रलय आएगा। सिनेमा में मिलते हैं। 03.12.2027।”

पहली बार हॉरर फिल्म करेंगी आलिया

आलिया भट्ट पहली बार किसी हॉरर फिल्म में अभिनय करती नजर आएंगी। वहीं, सोहम शाह एक बार फिर फिल्म में मुख्य भूमिका निभाएंगे। इससे पहले अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी के भी फिल्म से जुड़ने की घोषणा की जा चुकी है, जिससे इसकी स्टारकास्ट और मजबूत हो गई है।

पहली फिल्म को मिला था कल्ट क्लासिक का दर्जा

वर्ष 2018 में रिलीज हुई ‘तुम्बाड’ भारतीय लोककथाओं पर आधारित एक चर्चित हॉरर फिल्म थी। अपनी अनोखी कहानी, दमदार निर्देशन और शानदार छायांकन के कारण फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से खूब सराहना मिली थी। राही अनिल बर्वे के निर्देशन में बनी इस फिल्म को समय के साथ कल्ट क्लासिक का दर्जा मिला।

अब सोहम शाह फिल्म्स के बैनर तले बन रही ‘तुम्बाड 2’ से दर्शकों को एक बार फिर रहस्य, रोमांच और डर से भरपूर सिनेमाई अनुभव मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

नवीनतम लेख