28.5 C
Kolkata
Thursday, August 13, 2026

टाटानगर स्टेशन से 34.7 किलो गांजा बरामद, तीन तस्कर गिरफ्तार

जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने संयुक्त कार्रवाई कर 34.7 किलोग्राम गांजा के साथ तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाने की तैयारी थी। पुलिस पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच में जुट गई है।

सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

आरपीएफ पोस्ट प्रभारी राकेश मोहन ने शनिवार को बताया कि उड़नदस्ता दल को सूचना मिली थी कि कुछ लोग बड़ी मात्रा में गांजा लेकर दूसरे राज्य जाने की फिराक में हैं। इसके बाद टाटानगर रेलवे स्टेशन पर निगरानी बढ़ाई गई। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर तीन लोगों को रोककर उनके सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके बैग से कुल 34.7 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बिहार के अरवल जिले के इमामगंज निवासी अमित कुमार तथा गोपालगंज जिले के यादवपुर निवासी बबलू सिंह और अजीत कुमार शुक्ला के रूप में हुई है। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे हावड़ा–जगदलपुर एक्सप्रेस से गांजा लेकर टाटानगर पहुंचे थे और यहां से बिहार जाने वाली ट्रेन का इंतजार कर रहे थे।

अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह की जांच शुरू

जीआरपी और आरपीएफ की टीम आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगा रही है कि गांजे की खेप कहां से लाई गई, इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं और इसे किस स्थान तक पहुंचाया जाना था। पुलिस को आशंका है कि मामले के पीछे अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह सक्रिय है।

अधिकारियों ने कहा कि टाटानगर रेलवे स्टेशन और आसपास के क्षेत्रों में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। इस अवैध कारोबार से जुड़े सभी लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख