28.5 C
Kolkata
Thursday, August 13, 2026

14वीं जेपीएससी परीक्षा मामला: पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से तीसरे दिन भी पूछताछ

रांची। 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के सिलसिले में झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते से शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन सीआईडी मुख्यालय में पूछताछ हुई। सीआईडी अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन और चयन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर उनसे विस्तृत जानकारी ली।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सीआईडी दस्तावेजी और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। पहले दिन एल. खियांग्ते से करीब आठ घंटे और दूसरे दिन लगभग नौ घंटे पूछताछ की गई थी। इस दौरान भर्ती प्रक्रिया, परीक्षा संचालन, प्रश्नपत्र प्रबंधन, निजी एजेंसी की भूमिका और चयन प्रक्रिया से जुड़े बिंदुओं पर सवाल किए गए। तीसरे दिन भी इन्हीं पहलुओं पर पूछताछ जारी रही।

जांच के दौरान सीआईडी ने एल. खियांग्ते का पासपोर्ट भी जब्त किया है। जांच एजेंसी के अनुसार, जांच पूरी होने तक बिना अनुमति उनके विदेश जाने की संभावना रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है।

इससे पहले सीआईडी ने नोटिस जारी करने से पहले कांके रोड स्थित एल. खियांग्ते के सरकारी आवास और जेपीएससी कार्यालय स्थित उनके कक्ष में छापेमारी की थी। करीब पांच घंटे चली कार्रवाई के दौरान जांच टीम ने कई दस्तावेजों की जांच की और प्रारंभिक पूछताछ भी की थी।

जांच के क्रम में सीआईडी ने जेपीएससी कार्यालय के अलावा परीक्षा संचालन से जुड़ी निजी एजेंसी टीएसआर डेटा प्रोसेसिंग प्राइवेट लिमिटेड (टीडीपीएल) के कार्यालय में भी तलाशी ली। जेपीएससी कार्यालय से भर्ती परीक्षाओं से संबंधित दस्तावेज, ओएमआर शीट और कंप्यूटर से डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं। वहीं, टीडीपीएल कार्यालय से परीक्षा संचालन और मूल्यांकन प्रक्रिया से जुड़े रिकॉर्ड भी कब्जे में लिए गए हैं। इनकी फॉरेंसिक और तकनीकी जांच की जा रही है।

उल्लेखनीय है कि 14वीं संयुक्त सिविल सेवा परीक्षा में कथित अनियमितताओं की जांच के दौरान सीआईडी अब तक जेपीएससी की उप परीक्षा नियंत्रक श्वेता गुप्ता समेत 10 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच एजेंसी के अनुसार, मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

नवीनतम लेख